UPCM की अध्यक्षता में विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण सम्पन्न

लखनऊ (07 मार्च, 2019)
UPCM की अध्यक्षता एवं केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग, पोत परिवहन, जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण मंत्री नितिन गडकरी की उपस्थिति में आयोजित एक कार्यक्रम में केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने 1 लाख 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत की 5,972 किमी. की 80 सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने नमामि गंगे कार्यक्रम के अन्तर्गत 14 नगरों की 05 प्रमुख नदियों हेतु 1969.5 करोड़ रुपये की लागत की प्रदूषण नियंत्रण परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।

इस अवसर पर प्रदेश के कुल 3,453 किलोमीटर लम्बाई के 2,324 मार्गों की सामान्य व विशेष मरम्मत कार्यों की आधारशिला भी रखी गई है। यह कार्य 440 करोड़ रुपए की लागत से कराया जाएगा। इसके अलावा, नाबार्ड योजना के अन्तर्गत 277 करोड़ रुपए की कुल लागत से बनने वाले 52 सेतुओं का शिलान्यास भी किया गया है। इनमें 12 दीर्घ सेतु एवं 40 लघु सेतु शामिल हैं।

UPCM ने प्रदेश में बुनियादी ढांचे के विकास की परियोजनाओं को प्राथमिकता दिये जाने के लिए केन्द्रीय गृह मंत्री और केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुये कहा कि विगत 23 महीनों में केन्द्र सरकार के सहयोग से राज्य की सड़कों में आमूलचूल परिर्वतन आया है। देश और प्रदेश में बन रहे राजमार्ग भारत को एक समृद्ध राष्ट्र के रूप में  स्थापित करेंगे। उन्होंने कहा कि नमामि गंगे परियोजना के कारण आजादी के बाद पहली बार प्रयागराज कुम्भ-2019 में संगम तट पर प्रचुर मात्रा में जल की उपलब्धता, अविरलता और निर्मलता देखने को मिली। दुनिया से जो भी श्रद्धालु प्रयागराज कुम्भ-2019 में आये, वह संगम में स्नान से खुद को रोक नहीं पाये। वर्ष 2013 के कुम्भ में 12 करोड़ श्रद्धालुओं ने स्नान किया था। इस बार 24 करोड़ श्रद्धालुओं ने कुम्भ में स्नान किया।

UPCM ने कहा कि प्रयागराज कुम्भ-2019 के सफल आयोजन में प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में नमामि गंगे परियोजना की महत्वपूर्ण भूमिका रही। राज्य सरकार ने भी गंगा की अविरलता और निर्मलता के लिए उपलब्ध आधुनिक तकनीकों को अपनाया। इससे कुम्भ के दौरान गंगा में पर्याप्त मात्रा में अविरल और निर्मल जल उपलब्ध रहा और स्वच्छ और सुरक्षित कुम्भ का आयोजन संभव हुआ। उन्होंने गंगा और सहायक नदियों को प्रदूषण मुक्त करने के लिए प्रदेश के विभिन्न जनपदों में नमामि गंगे परियोजना के तहत शुरू की गई परियोजनाओं के लिए केन्द्रीय नदी विकास एवं संरक्षण मंत्री नितिन गडकरी के प्रति आभार भी व्यक्त किया।

UPCM ने लखनऊ के सर्वांगीण विकास के लिए केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह के प्रति आभार करते हुये कहा कि उनकी वजह से लखनऊ को आउटर रिंग रोड़, गोमती की स्वच्छता, मेट्रो रेल, कई फ्लाईओवर सहित 13 हजार करोड़ रुपये की परियोजनायें प्राप्त हुई हैं। इन परियोजनाओं के लिए लखनऊ वासियों को बधाई देते हुये UPCM ने कहा कि 08 मार्च, 2019 को लखनऊ मेट्रो रेल के उत्तर दक्षिण काॅरिडोर का उद्घाटन किया जायेगा।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने अपने सम्बोधन में कहा कि आज का दिन लखनऊ के लिए विशिष्ट है। प्रदेश की राजधानी सहित पूरे राज्य के लिए 01 लाख 25 हजा़र करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। लखनऊ में गोमती नदी की स्वच्छता एवं निर्मलता के लिए 12 सौ करोड़ रुपये की परियोजना की स्वीकृति के लिए केन्द्रीय नदी विकास एवं गंगा संरक्षण मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुये उन्होंने कहा कि इस योजना के 298 करोड़ रुपए की लागत के पहले चरण का शिलान्यास किया गया।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने बताया कि लखनऊ के 104 कि0मी0 लम्बी आउटर रिंग रोड का लगभग 15 किलोमीटर का भाग तैयार हो गया है, जिसका आज लोकार्पण किया गया है। उन्होंने बताया कि आउटर रिंग रोड को वर्ष 2021 तक पूरा कर लिया जायेगा। इस निर्माण से लखनऊ के विकास को नये आयाम मिलेंगे। 06 लेन के लखनऊ कानपुर एक्सप्रेस वे का भी शिलान्यास किया गया। इस एक्सप्रेस-वे के बन जाने से लखनऊ से कानपुर की दूरी 45 मिनट में तय की जा सकेगी। उन्होंने अपने सम्बोधन में हरदोई रोड के चार लेन चौड़ीकरण, इंजीनियरिंग काॅलेज से IIM-तिराहे एवं टेढ़ी पुलिया चौराहे पर फ्लाई ओवर के शिलान्यास, जानकीपुरम् विस्तार में ट्रामा सेन्टर का शिलान्यास, कुकरैल फ्लाई ओवर के लोकार्पण तथा लखनऊवासियों की सुविधा के लिए निर्माणाधीन विभिन्न रेल परियोजनाओं सहित अन्य विकास परियोजनाओं की जानकारी भी उपस्थित जनसमुदाय को दी।

कार्यक्रम में अपने सम्बोधन में केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि वर्तमान केन्द्र सरकार ने वर्ष 2014 में उत्तर प्रदेश मंे राजमार्गाें की 7 हजार 643 किलोमीटर लम्बाई को 4.5 वर्ष में बढ़ाकर 14 हजार 800 किलोमीटर किया है। उन्होंने कहा कि उनके अधीन विभागों द्वारा उत्तर प्रदेश में 3 लाख 50 हजार करोड़ रुपए का कार्य कराया जा रहा है। इन कार्याें में प्रदेश सरकार द्वारा भी सराहनीय सहयोग किया जा रहा है।

केन्द्रीय सड़क परिवहन ने प्रयागराज कुम्भ-2019 के सफल आयोजन के लिए UPCM को बधाई देते हुए कहा कि लखनऊ में गोमती नदी को प्रदूषण मुक्त करने के लिए आज लगभग 300 करोड़ रुपए के प्रथम चरण के कार्य की आधारशिला रखी गयी है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार जल परिवहन को बढ़ावा दे रही है। वाराणसी से हल्दिया तक राष्ट्रीय जलमार्ग का कार्य लगभग पूर्ण हो गया है। दिल्ली से प्रयागराज तक यमुना नदी में जल परिवहन के लिए DPR तैयार कराया गया है। उन्होंने कहा कि जल परिवहन के माध्यम से उत्तर प्रदेश की विकास की गति को तीव्र किया जा सकता है।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए UP_Dy_CM केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि राज्य सरकार नवीन तकनीक का उपयोग करके गुणवत्तापूर्ण सड़कों का निर्माण करा रही है। राज्य सरकार की विकास परियोजनाओं का लाभ आम जनता को प्राप्त हो रहा है।

UP_Dy_CM डाॅ. दिनेश शर्मा ने कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह आयोजन लखनऊ के इतिहास में नया अध्याय दर्ज कर रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी ने यहां के विकास की जो प्रक्रिया प्रारम्भ की थी, केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह उसे आगे बढ़ा रहे हैं।

इस अवसर पर राज्य सरकार के मंत्रिगण सुरेश कुमार खन्ना, आशुतोष टण्डन, बृजेश पाठक, स्वाती सिंह, मोहसिन रजा, लखनऊ की महापौर संयुक्ता भाटिया सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, वरिष्ठ अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में जनसमुदाय उपस्थित रहा।

Related Articles

Back to top button
btnimage