मंत्री दारा सिंह चौहान ने ‘उत्तर प्रदेश आम महोत्सव-2019’ का शुभारम्भ किया

लखनऊ (22 जून, 2019)।
उद्यान, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के मंत्री दारा सिंह चौहान ने इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान गोमतीनगर में आयोजित दो दिवसीय 'उत्तर प्रदेश आम महोत्सव-2019' का शुभारम्भ किया। उन्होंने कहा आम का फल अपने स्वाद के कारण सर्वाधिक लोकप्रिय फल है। आम का उत्पादन उत्तर प्रदेश में सर्वोधिक होता है। उ.प्र. में लगभग सभी जनपदों में आम के बाग है। उन्होंने कहा कि हर शुभ काम में आम की पत्ती की जरूरत पड़ती है।

मंत्री दारा सिंह चौहान ने कहा कि उत्तर प्रदेश में आम की सबसे अधिक प्रजातियां पायी जाती है। इस आम महोत्सव के माध्यम से सरकार द्वारा यह प्रयास किया जा रहा है कि आम के उत्पादन, प्रसंस्करण, विपणन, निर्यात एवं गुणवत्ता में वृद्धि के सभी आयामों पर परिचर्चा करके सम्बंधित विभागों/अधिकारियों/वैज्ञानिकों के साथ समन्वय कर बागवानों को अधिकाधिक लाभ प्राप्त करने के अवसर उपलब्ध कराये जाये।

उन्होंने कहा कि उ.प्र0 में आम की सैकड़ों किस्में जैव विविधता के रूप में संरक्षित है जिनका प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में उत्पादन होता है। उत्तर प्रदेश आम महोत्सव-2019 की स्मारिका का विमोचन करने के साथ ही वन उद्यान ने प्रदेश के दस उत्कृष्ट उत्पाद प्रदर्शित करने वाले आम उत्पादकों एवं निर्यातकों, उन्नाव से नामित कुमार सिंह एवं देवेन्द्र सिंह, लखनऊ से राज कुमार सिंह, मुकेश द्विवेदी एवं खान अशहर अहमद, बहराइच के घनश्याम सिंह, सहारनपुर के सत्य कुमार, गोण्डा के अतुल कुमार सिंह, सीतापुर के दीपक शुक्ला एवं वाराणसी के विनयादित्य चैधरी को सम्मानित किया।

उद्यान मंत्री ने आम महोत्सव का अवलोकन किया और उन्होंने कहा कि इस प्रदर्शनी में इतनी बड़ी मात्रा में रंग-बिरंगे एवं विभिन्न आकार-प्रकार के आम की विभिन्न प्रजातियों को एक स्थान पर देखकर किसी के भी मन में न केवल इनका स्वाद लेने की बल्कि अपने बागों में इनका उत्पादन करने की इच्छा जागृत होना स्वाभाविक है। अनेकों प्रजातियों के आम का प्रदर्शनी विभिन्न संस्थाओं/बागवानों द्वारा यहां पर किया गया एवं अन्य प्रदेशों से भी आम की प्रजातियां प्रदर्शित की गई।

मंत्री दारा सिंह चौहान ने 'उत्तर प्रदेश आम महोत्सव-2019' का शुभारम्भ किया

इस अवसर पर राज्यमंत्री वन एवं पर्यावरण जन्तु उद्यान विभाग उपेन्द्र तिवारी ने कहा कि आम उत्पादकों को अपने बागों में नवीनतम प्रजातियों के विकास के अवसर सुलभ होंगे और आमजनों को आम के पौधों को अपनी भूमि पर लगाने के लिए प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि बागवानी से किसान अपनी आय बढ़ा सकते है। फलों में आम को राजा कहा जाता है।

खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि किसानों के विकास के लिए राज्य सरकार निरन्तर प्रयास कर रही है। राज्य सरकार किसानों के लिए विभन्न योजनायें संचालित करते हुए किसानों को लाभान्वित करा रही है। आम का उत्पादन सबसे अधिक उ.प्र. में होता है।

मुख्य सचिव अनूप चन्द्र पाण्डेय ने कहा कि उ.प्र. आम के क्षेत्रफल एवं उत्पादन में अग्रणी प्रदेश है। किसानों के लिए राज्य सरकार द्वारा विभिन्न योजनाये संचालित करते हुए किसानों को लाभान्वित किया जा रहा है।

प्रमुख सचिव उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण अमित मोहन ने बताया कि दो दिन तक चलने वाले इस आम महोत्सव में 04 श्रेणियों में आम की विभिन्न प्रजातियों तथा आम के प्रसंस्कृत पदार्थों की प्रतियोगिता भी आयोजित की गयी है, जिसमें आम की 700 प्रजातियां अलग-अलग संस्थाओं, विभागों एवं निजी उत्पादकों द्वारा प्रदर्शित की गई और 710 प्रतिभागियों द्वारा 2896 नमूने प्रदर्शित किये गये।

प्रमुख सचिव ने बताया कि केन्द्रीय उपोष्ण बागवानी संस्थान लखनऊ, उद्यान विभाग, उ.प्र. के सहारनपुर, बस्ती एवं मलिहाबाद, लखनऊ में स्थापित औद्यानिक प्रयोग एवं प्रशिक्षण केन्द्रों तथा प्रगतिशील बागवानों के द्वारा अपने-अपने संस्थानों/बागों में उगाये जाने वाली प्रजातियों का प्रदर्शन किया गया है, जिसमें बागवानों एवं लघु उद्यमियों के द्वारा बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया गया है। इसके अतिरिक्त नरेन्द्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, कुमारगंज, अयोध्या तथा सरदार वल्लभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, मेरठ में भी महोत्सव में खाद्य प्रसंस्करण स्टालों को सम्मिलित करते हुए कुल 48 स्टाॅल लगाये हैं। इसके साथ ही महोत्सव में बागवानों द्वारा स्वयं आम की विभिन्न प्रजातियों के पौधे और आम बिक्री हेतु स्टाॅल लगाये गये हैं। शहर उत्पादक कृषक द्वारा शहद की बिक्री हेतु महोत्सव में स्टाॅल लगाये गये है। दर्शकों द्वारा विभिन्न  प्रजाति के ताजे आम, विभिन्न प्रजाति के पौधों तथा उच्च गुणवत्ता के आम के आम के प्रसंस्कृत पदार्थों की जमकर खरीददारी की जा रही है। महोत्सव में प्रदेश के बाहर अन्य प्रदेशों उत्तराखण्ड, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ प्रान्तों के बागवानों ने भी अपने आम की विभिन्न प्रजातियों का प्रदर्शन किया है।

इस अवसर पर महापौर संयुक्ता भाटिया, लखनऊ मण्डल के मण्डलायुक्त अनिल गर्ग, विशेष सचिव उद्यान संदीप कौर, निदेशक उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण राघवेन्द्र प्रताप सिंह सहित अन्य सम्बंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अनीता सहगल ने किया। 

Related Articles

Back to top button
btnimage