UPCM ने स्वतंत्रता दिवस पर 9 करोड़ पौध रोपण के लक्ष्य को पूरा करने पर बधाई दी

उत्तर प्रदेश।
UPCM ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 09 करोड़ पौध रोपण के लक्ष्य को सफलतापूर्वक पूरा किए जाने पर इससे जुड़े सभी सम्बन्धित विभागों व प्रदेश की जनता को उसकी सक्रिय भागीदारी के लिए बधाई दी है। उन्होंने कहा कि इतने बड़े पैमाने पर किया गया वृक्षारोपण कार्यक्रम पर्यावरण के प्रति सजगता का संकेत है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार वृक्षारोपण और पर्यावरण की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

प्रदेश के वन एवं पर्यावरण मंत्री दारा सिंह चौहान ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त, 2018 को वृक्षारोपण अभियान के तहत अन्तिम सूचना प्राप्त होने तक प्रदेश में 9.26 करोड़ पौधे रोपित किए जा चुके थे। राज्यपाल राम नाईक जी द्वारा रिवर फ्रण्ट, गोमतीनगर, लखनऊ एवं UPCM द्वारा कुसमही वन, गोरखपुर में वृक्षारोपण किया गया।

वन एवं पर्यावरण मंत्री ने कहा कि प्रदेश को हरा-भरा बनाकर प्रदूषण मुक्त करने हेतु UPCM के मार्गदर्शन व प्रेरणा से प्रदेश में स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर दिनांक 15 अगस्त, 2018 को एक दिन में 09 करोड़ पौधे रोपित करने हेतु वृहद स्तर पर वृक्षारोपण का विशेष अभियान चलाया गया।

वन एवं पर्यावरण मंत्री ने बताया कि प्रदेश के समस्त 75 जनपदों में भारत सरकार व प्रदेश सरकार के मंत्रिगण, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधिगण, विद्यार्थियों, महिलाओं, युवाओं, सेना के जवानों, दिव्यांगजन, निराश्रित व अनाथ बच्चों सहित समाज के वंचित वर्ग के सदस्यों, कृषकों, औद्योगिक इकाइयों, रेजीडेन्ट वेलफेयर सोसाइटी, स्वयंसेवी संगठनों, ईको क्लब, लायन व रोटरी क्लब, नेहरू युवा केन्द्र के सदस्य, एन.एस.एस. के विद्यार्थियों सहित समाज के विभिन्न वर्गाें द्वारा भी पौध रोपण किया गया।

प्रधान मुख्य वन संरक्षक एस.के. उपाध्याय ने कहा कि प्रदेश सरकार के ‘सेल्फी विद ग्रीन यू.पी.’ अभियान के अन्तर्गत पौधरोपण करने वाले व्यक्तियों व संस्थाओं द्वारा रोपित पौध के साथ सेल्फी खींचकर भेजने के लिए अत्यन्त उत्साह प्रदर्शित किया गया।

उल्लेखनीय है कि इस अभियान में प्रविष्टि भेजने की अन्तिम तिथि 20 अगस्त, 2018 निर्धारित है और प्रदेश स्तर व जिला स्तर पर सर्वाेत्कृष्ट प्रविष्टियों को प्रदेश सरकार द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा।

विशेष वृक्षारोपण अभियान में गंगा हरीतिमा अभियान के अन्तर्गत वृक्ष भण्डारा एवं वृक्षदान से प्राप्त पौधे रोपित किये गये। विशेष वृक्षारोपण अभियान के अन्तर्गत विभिन्न भौगोलिक क्षेत्रों में मृदा व कृषि जलवायु क्षेत्र के अनुसार यथासम्भव स्थानीय प्रजातियों का रोपण किया गया। रोपित की गयी मुख्य प्रजातियों में पाकड़, पीपल, बरगद, जामुन, नीम, आंवला, कदम्ब, कंजी, गूलर, शीशम, नींबू के पौधे शामिल हैं।

Related Articles

Back to top button
btnimage