UPCM ने कारागार प्रशासन और सुधार विभाग की समीक्षा बैठक की

उत्तर प्रदेश।
UPCM ने शास्त्री भवन में कारागार प्रशासन एवं सुधार विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि कारागारों में CCTV कैमरा, मोबाइल फोन जैमर एवं अन्य उपकरणों की स्थापना शीघ्रता से की जाए और कारागार में संचालित की जा रही अनियमित गतिविधियों पर पूर्णरूप से प्रभावी रोक लगायी जाए। उन्होंने मोबाइल फोन जैमर 4जी फ्रीक्वेंसी तकनीक के आधार पर संचालित किये जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि शातिर अपराधियों के साथ किसी भी प्रकार की रियायत न किये जाने और आवश्यकतानुसार इन अपराधियों को अन्य जेलों में शिफ्ट किये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि कारागारों में भोजन की गुणवत्ता, स्वास्थ्य सुविधाओं और चिकित्सकों की उपलब्धता में सुधार लाया जाए।

UPCM ने प्रदेश के विभिन्न कारागारों की व्यवस्था और कार्य प्रणाली के सम्बन्ध में नियमित निरीक्षण किये जाने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा है कि ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए कि जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक कारागारों का अन्तर्जनपदीय निरीक्षण कर सकें। उन्होंने कारागार से सम्बन्धित सभी परियोजनाओं का निर्माण समयबद्ध ढंग से गुणवत्तापूर्वक सुनिश्चित किये जाने और सभी कारागारों में वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग इकाइयों को क्रियाशील किये जाने के भी निर्देश दिये हैं।

UPCM शास्त्री भवन में कारागार प्रशासन और सुधार विभाग की समीक्षा बैठक करते हुए
UPCM शास्त्री भवन में कारागार प्रशासन और सुधार विभाग की समीक्षा बैठक करते हुए

UPCM ने कहा कि कारागारों में निरुद्ध बन्दियों से मिलने वाले लोगों और आगन्तुकों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था के साथ-साथ पेयजल और शौचालय की भी सुविधाएं सुनिश्चित की जाए। बन्दियों को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ते हुए उनके लिए कौशल विकास के कार्यक्रम चलाये जाएं। बन्दियों को उनकी रुचि के अनुसार रचनात्मक कार्य मुहैया कराया जाए।

UPCM ने कारागार विभाग की रिक्तियों को भरने में तेजी लाए जाने के निर्देश देते हुए कहा कि अतिरिक्त बन्दी क्षमता का सृजन किया जाए। उन्होंने कारागारों में ओवर क्राउडिंग के निदान हेतु अम्बेडकरनगर, श्रावस्ती और इलाहाबाद के निर्माणाधीन कारागारों को दिसम्बर, 2018 तक पूर्ण किये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि सन्तकबीरनगर के कारागार को मार्च, 2019 तक पूरा किया जाए।

UPCM बैठक के दौरान कारागार विभाग की रिक्तियों को भरने में तेजी लाए जाने के निर्देश देते हुए
UPCM बैठक के दौरान कारागार विभाग की रिक्तियों को भरने में तेजी लाए जाने के निर्देश देते हुए

UPCM ने इसके अलावा कहा कि बैरकों के निर्माण और कारागार विहीन जनपदों में कारागारों के निर्माण सम्बन्धी कार्यवाही में तेजी लायी जाए। उन्होंने कारागारों के निर्माण के लिए कार्यदायी संस्थाओं से समयबद्ध और गुणवत्तापरक ढंग से कार्याें को किये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने कारागारों में तलाशी व्यवस्था के लिए मेटल डिटेक्शन सिस्टम को सुदृढ़ किये जाने, सुरक्षा व संचार व्यवस्था हेतु निर्धारित मानकों के अनुसार वायरलेस सेट उपलब्ध कराये जाने, ई-प्रिज़न कार्ययोजना संचालित किये जाने की बात कही।

UPCM को इस अवसर पर प्रमुख सचिव गृह आनन्द कुमार ने बताया कि 4 जनपदों अम्बेडकरनगर, श्रावस्ती, संतकबीरनगर और इलाहाबाद में जिला कारागारों का निर्माण प्रगति पर है। कारागारों में ओवर क्राउडिंग की समस्या के निदान के लिए अतिरिक्त बन्दी क्षमता का सृजन किया जा रहा है। कारागारों में आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित किया जा रहा है। वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग से सम्पन्न रिमाण्ड के आंकड़ों की संख्या में विगत एक वर्ष में 31 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। कारागारों में स्थापित फोन जैमर का 4G उच्चीकरण कराया जा रहा है।

इस अवसर पर कारागार राज्य मंत्री जय कुमार सिंह जैकी, मुख्य सचिव डाॅ. अनूप चन्द्र पाण्डेय, सचिव मुख्यमंत्री मृत्युंजय कुमार नारायण, महानिरीक्षक कारागार प्रशासन चन्द्र प्रकाश, अपर महानिरीक्षक कारागार वी.के. जैन सहित उत्तर प्रदेश राजकीय निमार्ण निगम, सी. एण्ड डी.एस., जल निगम एवं अन्य सम्बन्धित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
btnimage