UPCM ने कहा गठबंधन की कवायद करने वाले लोग अपना दुर्ग तक नहीं बचा पाए

लखनऊ (24 मई, 2019)
UPCM ने लोकसभा चुनाव 2019 में ऐतिहासिक बहुमत मिलने के बाद आज भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत की। इस अवसर पर UPCM ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में एनडीए ने देश के अंदर जो प्रचंड बहुमत हासिल किया है, उसके लिए हम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह जी का अभिनंदन करते हैं। सपा, बसपा और रालोद के गठबंधन पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि स्वार्थ के गठबंधन की कवायद करने वाले लोग अपना दुर्ग तक नहीं बचा पाए।

UPCM ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लिए कुछ भी नामुमकिन नहीं है, इसलिए हमने कहा था कि मोदी है तो मुमकिन है। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में महंगाई, कानून व्यवस्था, विद्युत व्यवस्था, टूटी सड़कें और किसानों की समस्या मुद्दा नहीं बन पाई, क्योंकि विगत पांच वर्षों में मोदी जी की सरकार इन समस्याओं का समाधान करने में सफल रही है। UPCM ने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान नकारात्मक राजनीति करने वाला विपक्ष व्यक्तिगत टीका-टिप्पणी पर उतर आया था।

UPCM ने कहा कि पहली बार प्रदेश के अंदर योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव के समाज के प्रत्येक तबके तक पहुंचा गया है। आयुष्मान भारत योजना के तहत 6 करोड़ 50 लाख लोगों को गोल्डन कार्ड जारी किया जा चुका है, तो इस योजना से वंचित रह गए 56 लाख लोगों को मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत कवरेज दिया गया है। 2 करोड़ 60 लाख से अधिक परिवारों को शौचालय देने के साथ ही एक करोड़ से अधिक परिवारों को नये विद्युत कनेक्शन देने में हमारी सरकार सफल रही है। इसके साथ ही ऐसी विभिन्न योजनाओं के जरिए प्रदेश की जनता को जोड़ा गया है।

UPCM ने कहा कि इस बार के चुनाव में प्रदेश की जनता ने परिवारवाद और जातिवाद की राजनीति को एक सिरे से खारिज करते हुए विकास और राष्ट्रवाद की राजनीति को स्वीकार्य किया है। उन्होंने कहा कि हम PM-मोदी के मंत्र विकास, सुशासन और राष्ट्रवाद के मुद्दे को साथ लेकर चुनावी मैदान में उतरे थे। जिसके बल पर 51 प्रतिशत वोटों के साथ भाजपा गठबंधन उत्तर प्रदेश में 64 सीटें जीतने में सफल रहा।

इससे पहले भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पाण्डेय ने कहा कि हमने 51 प्रतिशत प्राप्त किया तो यही हमारे लिए जीत का बहुत बड़ा आधार रहा है। हमारे लाखों लाख कार्यकर्ताओं ने जमीनी स्तर पर काम किया। इसके साथ ही हम प्रदेश के 13 करोड़ वोटर्स के पास 146 प्रोग्रामों के द्वारा संपर्क में रहे।

उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास कोई एजेंडा नहीं था वह सिर्फ जातियों के समीकरण पर काम करते रहे, उसे जनता ने देखा और बड़े स्तर पर जवाब दिया। इस बार का रिजल्ट यह साफ करता है कि विपक्ष नकारात्मक प्रचार करता रहा है, जिसको जनता ने नकार दिया।

डॉ. महेंद्र नाथ पाण्डेय ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने फिर साबित कर दिया कि सत्ता का रास्ता यूपी से ही गुजरता है। केंद्र की योजनाओं के क्रियान्वयन में एक सक्रिय भूमिका उत्तर प्रदेश ने निभाई है, जिसका परिणाम हमें जीत के रूप में मिला है।

इस अवसर पर UPCM, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्रनाथ पाण्डेय, UP_Dy_CM केशव प्रसाद मौर्य, डा. दिनेश शर्मा और भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल भी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button
btnimage