कृषि निवेश अनुदान हेतु 104.32 करोड़ की धनराशि आवंटित : मुख्यमंत्री

लखनऊ।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर बाढ़ प्रभावित जनपदों को कृषि निवेश अनुदान हेतु 104.32 करोड़ रुपये की धनराशि आवंटित की गयी है। यह धनराशि जनपद बहराइच, कुशीनगर, बलिया, लखीमपुर खीरी, बाराबंकी, अम्बेडकरनगर, बस्ती, शाहजहांपुर, पीलीभीत, अयोध्या, आजमगढ़, देवरिया, सन्त कबीर नगर, सिद्धार्थनगर, फर्रुखाबाद, गोरखपुर, मऊ, गोण्डा तथा बलरामपुर के बाढ़ प्रभावित किसानों को कृषि निवेश अनुदान वितरित किये जाने हेतु आवंटित की गयी है।

जानकारी देते हुए सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि सम्बन्धित जिलाधिकारियों को निर्देश दिये गये हैं कि प्रत्येक दशा में 15 अक्टूबर, 2020 तक प्रभावित किसानों का गाटावार सर्वे कराकर धनराशि वितरित कर दी जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने निर्देश दिये हैं कि गाटावार सर्वे के दौरान यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी प्रभावित किसान छूटने न पाए। जिला स्तर पर जनप्रतिनिधियों से समन्वय स्थापित कर प्रभावित किसानों को कृषि निवेश अनुदान हेतु धनराशि वितरित की जाए।

प्रवक्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री जी के निर्देश पर जनपदों द्वारा बाढ़ से हुई कृषि क्षति का युद्धस्तर पर आकलन किया जा रहा है। प्राप्त प्राथमिक आकलन के अनुसार लगभग 92,000 हेक्टेयर कृषि क्षेत्रफल प्रभावित हुआ है। वित्तीय वर्ष 2020-21 में प्रदेश में आयी बाढ़ से लगभग 8.84 लाख आबादी प्रभावित हुई।

प्रवक्ता ने कहा कि वर्ष 2020-21 में माह जुलाई, अगस्त एवं सितम्बर में आयी बाढ़ से निपटने हेतु जनपदों को राहत कार्याें हेतु 40.13 करोड़ रुपये की धनराशि पूर्व में ही आवंटित की जा चुकी है। बाढ़ के दौरान किये गये राहत कार्याें में लगभग 1,90,000 राशन किटों का वितरण, 3,58,000 मीटर तिरपाल का वितरण, 384 आश्रय स्थलों की स्थापना, 567 पशु शिविरों की स्थापना, लगभग 7.76 लाख पशुओं का टीकाकरण आदि कार्य प्रमुखता पर किये गये। बाढ़ से निपटने के लिए जनपदों में 12 एन0डी0आर0एफ0 की टीमें, 07 एस0डी0आर0एफ0 की टीमें तथा पी0ए0सी0 की 09 बाढ़ कम्पनियां बाढ़ प्रभावितों की खोज और बचाव कार्याें के लिए भी तैनात की गयीं।

Related Articles

Back to top button
btnimage