विधान भवन के सामने 23 दिसम्बर को मनाया जायेगा ‘‘किसान सम्मान दिवस’’

उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा विगत वर्ष की भांति इस वर्ष भी आगामी 23 दिसम्बर को स्व0 चौधरी चरण सिंह, भूतपूर्व प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को ‘‘किसान सम्मान दिवस’’ के रूप में मनाया जायेगा। कृषि विभाग से मिली जानकारी के अनुसार राज्य मुख्यालय पर विधानभवन के सामने स्व0 चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा स्थल एवं लोकभवन में ‘‘किसान सम्मान दिवस’’ का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के मुख्यमंत्री, योगी आदित्यनाथ होंगे। इस अवसर पर कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही तथा कृषि राज्यमंत्री लाखन सिंह राजपूत भी उपस्थित रहेंगे।

किसान सम्मान दिवस के अवसर पर पूरे प्रदेश में किसान गोष्ठी, किसान प्रदर्शनी आयोजित की जायेंगी। मुख्य कार्यक्रम में परम्परागत खेती में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले ऐसे किसानों को सम्मानित भी किया जायेगा, जिन्होंने कृषि विविधीकरण अथवा औद्योगिक खेती के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किये हों। यह भी बताया गया कि इसके अतिरिक्त उद्यान, डेरी, पशुपालन एवं शाक-भाजी उत्पादन हेतु चयनित किसानों को भी इस अवसर पर सम्मानित किया जायेगा। मिशन शक्ति के दृष्टिगत कृषि एवं कृषि से सम्बद्ध क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिला किसानों को राज्य एवं जनपद स्तर पर पुरस्कृत किया जायेगा।

कृषि विभाग एवं इससे जुड़े हुये विभाग यथा-सहकारिता, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य, दुग्ध विकास, रेशम विकास एवं गन्ना विभाग को किसान सम्मान दिवस कार्यक्रम एवं विकास गोष्ठी में सक्रिय रूप से सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये हैं। साथ ही सभी जनपदों के जिलाधिकारियों को विगत वर्ष की भांति अन्य विभागों से समन्वय स्थापित कर जनपद स्तर पर किसान सम्मान दिवस का भव्य आयोजन किये जाने के निर्देश दिये गये हैं।

Related Articles

Back to top button
btnimage