मुख्यमंत्री के समक्ष कानपुर और आगरा मेट्रो रेल परियोजनाओं की प्रगति के सम्बन्ध में प्रस्तुतीकरण

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष उनके सरकारी आवास पर कानपुर और आगरा मेट्रो रेल परियोजनाओं की प्रगति के सम्बन्ध में प्रस्तुतीकरण किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इन दोनों मेट्रो रेल परियोजनाओं को समयबद्धता और उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि नगरों में आधुनिक, सुविधाजनक और सस्ती यातायात सुविधाएं त्वरित विकास के लिए अत्यन्त आवश्यक हैं। इससे समय की बचत तो होती ही है, साथ ही विकास को गति भी मिलती है। इसके दृष्टिगत राज्य सरकार नगरीय क्षेत्रों में अच्छी यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के लिए कृतसंकल्पित है।

मुख्यमंत्री के समक्ष यू0पी0एम0आर0सी0 के प्रबन्ध निदेशक कुमार केशव ने प्रस्तुतीकरण करते हुए कानपुर और आगरा मेट्रो रेल परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कानपुर मेट्रो रेल परियोजना को समय से पूरा करने के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने अवगत कराया कि कानपुर मेट्रो रेल परियोजना को सिविल कंस्ट्रक्शन वर्क के लिए आई0एस0ओ0 सर्टिफिकेशन दिया गया है। 

आगरा मेट्रो रेल परियोजना की प्रगति पर प्रकाश डालते हुए यू0पी0एम0आर0सी0 के मैनेजिंग डायरेक्टर ने मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया कि इस परियोजना का सिविल कार्य तेजी से किया जा रहा है और इसे भी समय से पूरा किया जाएगा। उन्होंने कानपुर मेट्रो रेल परियोजना के तहत रेल मंत्रालय से कुछ भूमि प्राप्त करने के सम्बन्ध में शासन की मदद का अनुरोध किया। इसी प्रकार आगरा मेट्रो रेल परियोजना के लिए नेशनल माॅन्युमेन्ट्स अथाॅरिटी और आर्केलाॅजिकल सर्वे आफ इण्डिया से सेण्ट्रली प्रोटेक्टेड माॅन्युमेन्ट्स के सम्बन्ध में क्लीयरेन्स प्राप्त करने का अनुरोध किया। 

इस अवसर पर मुख्य सचिव आर0के0 तिवारी, अपर मुख्य सचिव वित्त एस0 राधा चौहान, अपर मुख्य सचिव राजस्व रेणुका कुमार, अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री एस0पी0 गोयल, प्रमुख सचिव आवास दीपक कुमार, सचिव मुख्यमंत्री आलोक कुमार, विशेष सचिव आवास माला श्रीवास्तव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। 

Related Articles

Back to top button
btnimage